लेटेस्ट

Latest

प्रथम चरण चुनाव में 13 में से 10 सीटें जीतेगी भाजपा, राजनाथ सिंह को उम्मीद

BJP will win 10 out of 13 seats in the first phase, Rajnath Singh hopes

01 December 2019

/ by Uday Bharat


बोकारो : झारखंड में प्रथम चरण के चुनाव से स्पष्ट हो गया है कि यहां भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है. प्रथम चरण की 13 में से 10 सीटों पर भाजपा जीत रही है. ऐसा चुनावी विश्लेशकों का मानना है. ये बातें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को बोकारो जिला के बेरमो में आयोजित एक जनसभा में कहीं.

बेरमो विधानसभा क्षेत्र के मकोली स्थित दुर्गा मंदिर के प्रांगण में श्री सिंह भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि केंद्र व झारखंड राज्य में पांच साल के भाजपा शासन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कई उल्लेखनीय कार्य किये हैं.

उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के किसी कोने में रहने वाला कोई भी व्यक्ति उंगली उठाकर यह नहीं कह सकता कि भाजपा के शासन में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या फिर किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई दाग है. वहीं, पूर्व की कांग्रेस सरकार में अरबो-खरबों के घोटाले हुए. प्रधानमंत्री से लेकर मंत्रियों तक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे.

भाजपा सरकार ने बुनियादी जरूरतों को दी प्राथमिकता

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता दी. मकान, बिजली, पानी व शौचालय बनाने के काम शुरू हुए. महिलाओं को धुआं से बचाने के लिए उज्ज्वला योजना के तहत गैस-सिलिंडर दिया जा रहा है. आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है. 

 श्री सिंह ने कहा कि किसानों के खाते में 6 हजार रुपये सालाना दिये जा रहे हैं. जिन लोगों के पास पांच एकड़ तक जमीन है, उन्हें झारखंड की रघुवर दास सरकार प्रति वर्ष अधिकतम 25 हजार रुपये तक दे रही है. आवासों में शौचालय बनाये जा रहे हैं. उसके लिए सरकार लोगों को 12,000 रुपये का अनुदान दे रही है.

 

सभी राज्यों में लागू करेंगे एनआरसी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां कहा कि भाजपा का अपना एक राजनीतिक इतिहास रहा है. हमने जो कहा है, उसे पूरा करके दिखाया है. अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाने से अब दुनिया की कोई ताकत हमें नहीं रोक सकती. जम्मू-काश्मीर में दो विधान, दो प्रधान व दो निशान को हमने खत्म कर दिया. 5 अगस्त, 2019 को हमारी सरकार ने चुटकी बजाते हुए अनुच्छेद 370 को समाप्त कर दिया. 

 राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा ने सदैव जात-पांत व धर्म-मजहब से ऊपर उठकर इंसान व इंसानियत के नाम पर राजनीति की है. वोट की चिंता किये बगैर हमारी सरकार ने तीन तलाक की व्यवस्था को समाप्त किया. अब हमारा अगला कदम सभी राज्यों में एनआरसी लागू करना होगा.

देश को नक्सलवाद व आंतकवाद से मुक्त करेंगे

राजनाथ सिंह ने कहा, ‘हमने पांच साल में झारखंड से नक्सलवाद को समाप्त किया. हम पूरे भारत को नक्सलवाद व आंतकवाद से मुक्त बनायेंगे. पाकिस्तानी आंतकवादियों का हमारी सेना रोज सफाया कर रही है. हमने पाकिस्तान के घर में घुसकर आंतकवादियों को मारकर सबक सिखाया है.
भाजपा प्रत्याशी व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल ने भी सभा को संबोधित किया. सभा की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बिनोद महतो ने की. उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी को अपना समर्थन देने की अपील की.
Don't Miss
© all rights reserved
made with by templateszoo